भोपाल:पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजीत केसरी आज रिटायर हो जायेंगे इस लिए मप्र में आज एक आईएएस अफसर को एसीएस बनने का मौका मिलेगा। जिससे नगरीय विकास और आवास विभाग के प्रमुख सचिव संजय शुक्ल अपर मुख्य सचिव पद पर पदोन्नत हो जायेंगे। उधर,रश्मि, अरुण शमी, मनीष और दीपाली रस्तोगी इसके बाद ही पदोन्नत होंगे। एक जून को रश्मि अरुण शमी एसीएस तब बनेंगी जब एसीएस विनोद कुमार रिटायर होंगे।
इसके बाद, जुलाई को मो. सुलेमान, अगस्त में मुख्य सचिव अनुराग जैन और फिर एसीएस जेएन कंसोटिया रिटायर होंगे। यदि मुख्य सचिव जैन को एक्सटेंशन नहीं मिलता, तो 1 सितंबर से दो प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी एसीएस पद पर प्रमोट होंगे। इसके बाद, सुलेमान के रिटायर होने पर प्रमुख सचिव वित्त मनीष रस्तोगी को एसीएस के पद पर प्रमोट होने का अवसर मिलेगा। इसके बाद, दीपाली रस्तोगी और शिवशेखर शुक्ला की बारी आएगी। उम्मीद है संजय शुक्ल की पदोन्नति का आदेश सामान्य प्रशासन विभाग आज जारी कर देगा। इससे पहले, जनवरी माह में अपर मुख्य सचिव गृह रहे एसएन मिश्रा और अपर सचिव अक्षय कुमार सिंह अपने पद से रिटायर हो चुके हैं।
दरअसल, इस साल 2025 में छह आईएएस अधिकारी अपर मुख्य सचिव स्तर से रिटायर हो रहे है। उनके रिटायर होने के बाद वरिष्ठता के क्रम में प्रमुख सचिव के पद पर कार्यरत और मध्यप्रदेश में पदस्थ आईएएस अधिकारियों को एसीएस के पद पर प्रमोट किया जाएगा। जनवरी में एसीएस एसएन मिश्रा के रिटायर होने के बाद, राजस्व मंडल के अध्यक्ष अनिरुद्ध मुखर्जी को अपर मुख्य सचिव के पद पर प्रमोट किया गया था।वहीं, दिल्ली में वित्त मंत्रालय में पदस्थ एमपी कैडर के एसीएस स्तर के अधिकारी मनोज गोविल का रिटायरमेंट मार्च में है, लेकिन वे केंद्र में कार्यरत हैं, इसलिए उनके रिटायरमेंट से किसी अधिकारी को प्रमोशन नहीं मिलेगा
