नयी दिल्ली 12 सितम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के पहले दिन के समापन पर भारत मंडपम में ब्रिक्स नेताओं के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया जिसमें विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नवरस-द यूनिवर्स ऑफ शेयर्ड इमोशंस’ प्रस्तुत किया गया।
रात्रि भोज में सभी ब्रिक्स देशों के नेता, उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्य, केन्द्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और कुछ अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे। केन्द्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री एक साथ बसों में सवार होकर भारतमंडपम पहुंचे।
आमंत्रित अतिथियों को देश के विभिन्न प्रदेशों के प्रमुख व्यंजन परोसे गये।
इस कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों की विविध संस्कृतियों और साझा भावनाओं को कला के जरिए प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में ‘ब्रिक्स सिम्फनी-वन रिदम, मेनी कल्चर्स’ भी पेश किया गया। इसमें ब्रिक्स के सदस्य और साझेदार देशों के संगीतकारों ने मिलकर प्रस्तुति दी। अलग-अलग देशों की संगीत परंपराओं को साथ लाकर सिम्फनी प्रस्तुति ने ब्रिक्स परिवार की विविधता, सांस्कृतिक समृद्धि और एकजुटता की भावना को प्रदर्शित किया।
सिम्फनी में ब्रिक्स देशों के अलग-अलग वाद्य यंत्रों के साथ भारत की शास्त्रीय नृत्य परंपराओं का मेल भी देखने को मिला । यह प्रस्तुति अलग-अलग देशों की संगीत संस्कृतियों को जोड़ने और ब्रिक्स देशों के लोगों के बीच साझा संबंधों को दिखाने का माध्यम बनी।
इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान के जरिए ‘मिलकर बेहतर दुनिया बनाने’ की भावना को सामने रखा। इसमें कला की विविध अभिव्यक्तियों, मानवीय अनुभवों और आपसी जुड़ाव का उत्सव मनाया गया।
ब्रिक्स सिम्फनी में ब्रिक्स देशों की समृद्ध संस्कृतियों और अलग-अलग सभ्यताओं को प्रस्तुत किया गया। इसमें भारत की सांस्कृतिक विविधता की खास पहचान को आधार बनाया गया।
