
इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में दिल की बीमारी से परेशान एक बुजुर्ग ने सिरपुर तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें बीमारी से तंग आने का जिक्र है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि मृतक 62 वर्षीय मनोज पिता राजाराम जायसवाल जोकि छोटा बांगड़दा में रहने वाले थे, ने आत्महत्या की है. शुक्रवार देर रात सिरपुर तालाब के पास कपड़े व सामान मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां तालाब से उनका शव बरामद किया और शनिवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनोज शुक्रवार दोपहर से लापता थे, जिसकी गुमशुदगी एरोड्रम थाने में दर्ज कराई गई थी. पुलिस को मिले सुसाइड नोट में उन्होंने दिल की बीमारी से परेशान होने की बात लिखी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
