गंदे पानी की सप्लाई पर प्रशासन का कड़ा रुख, पंपचालक बर्खास्त, प्रभारी को नोटिस

बैतूल। शहर में नलों से गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पंपचालक को बर्खास्त कर दिया है तथा फिल्टर प्लांट प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार शहर के आजाद वार्ड, तिलक वार्ड, कृष्णपुरा और सदर क्षेत्र में शुक्रवार को मटमैले और बदबूदार पानी की शिकायतें मिलने के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडेय ने शाम करीब छह बजे फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सप्लाई किया जा रहा पानी दूषित पाया गया, जिससे नागरिकों की शिकायतों की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान प्लांट की कार्यप्रणाली में लापरवाही सामने आई। पंपचालक राजू पिंजारे ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए और बाद में उनके नशे की हालत में पहुंचने की जानकारी मिली। इस पर उन्हें तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया। इसके साथ ही फिल्टर प्लांट प्रभारी भवेन्द्र मालवी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगरवासियों ने लंबे समय से गंदे पानी की समस्या की शिकायत की थी। कार्रवाई के बाद लोगों को अब जल गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है। सीएमओ ने अधिकारियों को जल शुद्धिकरण व्यवस्था तत्काल सुधारने और सप्लाई की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

Next Post

जमीनी विवाद में महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, हालत गंभीर; ससुर को भी पीटा

Sat Mar 28 , 2026
बैतूल। मुलताई तहसील के ग्राम सर्रा में जमीन विवाद के चलते एक महिला पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम सर्रा निवासी नाथूराम बुलबाके ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी बहू देवकी के साथ खेत में […]

You May Like