
हिन्दूवादी संगठन का प्रदर्शन, हंगामा
जबलपुर। रांझी थाने में गत दिवस ईसाई धर्मप्रांत के प्रमुख धर्मगुरू से मारपीट के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जिसके विरोध में रांझी थाना में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया।
विदित हो कि धर्मांतरण के संदेह पर 50 यात्रियों से भरी बस को हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ताओं ने गत दिवस रोका गया था। आरोप लगाया गया कि भोले-भाले आदिवासियों को धर्मांतरण के उद्देश्य से जबलपुर लाया गया था। जिन्हें धर्म परिवर्तन करवाने के लिए चोरी-छिपे यहां लाया गया था। जबकि बस सवार यात्रियों का कहना रहा कि वह चर्च घूमने आये थे आरोप निराधार है। धर्मांतरण जैसी कोई बात सामने नहीं है। 31 मार्च को मंडला से आए ईसाई समुदाय के भक्तों को जिसमे महिलाएं-बच्चे थे, वह सभी जबलपुर प्रार्थना करने के लिए आये थे। थाने पहुंचे जबलपुर कैथोलिक धर्मप्रान्त के विकार जनरल, सेंट पीटर एंड पॉल चर्च सदर के वरिष्ठ धर्मगुरु, प्रख्यात शिक्षाविद फादर डेविस जॉर्ज , जबलपुर धर्मप्रान्त के सचिव फादर जॉर्ज टी. , फेलिक्स बारला के साथ असामाजिक लोगों ने मारपीट की थी। रांझी थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है वीडियो फुटेज के जरिए सभी को चिन्हित किया जा रहा है जिन्हें जांच के बाद नामजद किया जायेगा।
