नयी दिल्ली, 09 जून (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल का औसत भाव बढ़ गया। चावल के साथ गेहूं, चीनी और खाद्य तेलों में भी तेजी रही। दालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 15 रुपये बढ़कर 3,884 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं आठ रुपये महंगा हुआ और 2,784 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत भी 12 रुपये बढ़ गयी। दाल-दलहनों में उड़द दाल की औसत कीमत 30 रुपये और मूंग दाल की 26 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। वहीं, तुअर दाल छह रुपये और चना दाल पांच रुपये सस्ती हुई। मसूर दाल के भाव में लगभग टिकाव रहा।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में अगस्त का पाम ऑयल वायदा 48 रिंगिट गिरकर 4,527 रिंगिट प्रति टन बोला गया। वहीं, जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.66 प्रतिशत की बढ़त में 75.05 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल की औसत कीमत 94 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सोया तेल 75 रुपये और वनस्पति 49 रुपये महंगा हुआ। सूरजमुखी तेल की कीमत 13 रुपये और पाम ऑयल की दो रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। सरसों तेल के दाम कमोबेश गत दिवस के स्तर पर ही रहे। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 13 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। चीनी भी सात रुपये महंगी हुई।

