
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अपना घर हर व्यक्ति का सपना होता है और प्रधानमंत्री आवास योजना ने करोड़ों परिवारों का यह सपना साकार किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं के लिए नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक को घर देने का संकल्प लेकर काम कर रहे हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से डॉ. यादव ने वर्चुअली नीमच नगर पालिका क्षेत्र में 134 करोड़ रुपये की लागत से बने 348 आवासों का लोकार्पण कर हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दीपावली नीमच के इन परिवारों के लिए सबसे उज्ज्वल होगी, क्योंकि वे पहली बार अपने घर में त्योहार मनाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में मध्यप्रदेश को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का दूसरा स्थान मिला है और राज्य में अब तक 49 लाख से अधिक परिवारों को पक्का मकान मिल चुका है। नीमच की कॉलोनी में सड़कें, सीवरेज, पार्क, हेल्थ सेंटर, स्कूल हेतु भूमि और सुरक्षा व्यवस्था जैसे सभी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी नीयत साफ है और नीतियां गरीबों को सशक्त करने के लिए हैं। उन्होंने नीमच में जल्द मेडिकल कॉलेज और एयर कनेक्टिविटी का भी आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, सांसद सुधीर गुप्ता, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
