
भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने दो महिलाओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. दीपक जोशी का आरोप है कि दोनों महिलाएं सोशल मीडिया पर उनकी छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं. दीपक जोशी और उनकी पत्नी पल्लवी राज सक्सेना ने इस मामले की शिकायत शाहपुरा थाना और साइबर क्राइम शाखा में कराई है. पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
शाहपुरा थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि पूर्व मंत्री दीपक जोशी अपनी पत्नी पल्लवी राज सक्सेना के साथ 15 जून की रात थाने में शिकायत दर्ज कराई. दीपक जोशी का आरोप है कि दोनों महिलाएं सोशल मीडिया पर उनकी छवि को धूमिल कर रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक शिखा मिश्रा और नम्रता जोशी नाम की महिलाओं के नाम सामने आए हैं. आरोप है कि शिखा और नम्रता सोशल मीडिया पर दीपक जोशी के नाम का एक ग्रुप चलाती है. इस ग्रुप में दीपक जोशी के लिए कमेंट में छोटी मूंगफली और बिना दाँत का बुड्ढा जैसे शब्दों का जिक्र किया जा रहा है. इससे पूर्व मंत्री की छवि धूमिल हो रही है. दोनों ही महिलाएं कथित तौर पर दीपक जोशी की पत्नियां होने का भी दावा कर रह हैं. फिलहाल शाहपुरा थाना पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है.
