इंदौर:बाणगंगा थाना क्षेत्र में मकान में हिस्सेदारी को लेकर बेटे और बहू का अपनी बुजुर्ग मां से विवाद हो गया. गाली गलौज के बाद दोनों ने वृद्धा से मारपीट की. इसी दौरान बहू ने उनका कान पकड़कर जोर से खींच दिया, जिससे कान में पहनी सोने की बाली खिंचने से कान कट गया और खून बहने लगा. शिकायत पर पुलिस ने दंपती के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
गंगाधाम कॉलोनी निवासी सावित्री मालवीय के घर उनका बेटा अरविंद मालवीय और बहू श्वेता मालवीय पहुंचे थे. दोनों मकान में हिस्से की मांग करते हुए गाली-गलौज करने लगे. सावित्री ने विरोध किया तो दोनों घर पर ताला लगाने लगे. वृद्धा ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने हाथ-थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान झूमाझटकी में श्वेता ने सावित्री का कान पकड़कर खींच दिया. कान में पहनी बाली भी जोर से खिंच गई, जिससे कान कट गया और खून निकलने लगा. इसके बाद सावित्री ने बाणगंगा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बेटे अरविंद और बहू श्वेता के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
