ग्वालियर: सोने के जेवरात एवं नगदी चोरी करने वाले एक शातिर नकबजन को डबरा सिटी पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये चोर से 4 सोने की चूडी, 3 लेडीज अंगूठी व 10,500 रुपये नगदी जप्त की गई है। लगभग 2,40,000 रुपये कीमत के माल की जप्ती की गई है।
प्रदीप मिश्रा पुत्र ओमप्रकाश मिश्रा उम्र 39 साल निवासी विवेकानंद कालोनी डबरा द्वारा थाना डबरा सिटी में रिपोर्ट कराई गई थी कि कोई अज्ञात चोर उसके घर से 4 सोने की चूड़ी, 3 लेडीज अंगूठी, 10-11 हजार रुपये चोरी कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना डबरा सिटी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
