दूध के भाव को लेकर किसान संगठन और दूध विक्रेता संघ आमने-सामने

इंदौर: जिले में दूध के भाव को लेकर दूध उत्पादक किसान संगठन और इंदौर दुग्ध विक्रेता संघ आमने-सामने आ गए हैं. दूध उत्पादक किसान संगठन ने 1 सितंबर से दूध के नए भाव लागू करने का ऐलान किया है, जबकि दुग्ध विक्रेता संघ ने इसे अनुचित बताते हुए विरोध किया है.धर्मपुरी स्थित काशी विश्वनाथ धाम मंदिर परिसर में शनिवार को दूध उत्पादक किसानों की बैठक हुई. इसमें जिलेभर से किसानों ने भाग लिया. संगठन के जिला नेता हंसराज मंडलोई ने बताया कि बैठक में किसानों ने तय किया कि 1 सितंबर से भैंस का दूध 70 रुपये, गाय का दूध 60 रुपये प्रति लीटर और फैट का भाव 12 रुपये प्रति फैट रहेगा.

मंडलोई ने कहा कि दूध का उत्पादन किसान करते हैं, इसलिए उसके मूल्य निर्धारण का अधिकार भी किसानों का होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक दूध विक्रेता संघ द्वारा भाव तय किए जाते रहे हैं और प्रशासन भी व्यापारियों का पक्ष लेता है. संगठन ने यह भी निर्णय लिया कि निर्धारित भाव पर ही व्यापारियों को दूध बेचा जाएगा. साथ ही, व्यापारियों द्वारा डिलीवरी या अन्य खर्च जोड़कर अतिरिक्त राशि वसूलने का विरोध किया जाएगा. किसानों ने बढ़ते खली के भावों पर नियंत्रण की मांग भी उठाई.

किसान संगठन के निर्णय पर आपत्ति
इंदौर दुग्ध विक्रेता संघ के अध्यक्ष भारत मथुरावाला ने किसान संगठन के निर्णय पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि सितंबर में दूध उत्पादन बढ़ने के कारण सामान्यतः भाव कम होते हैं, जबकि दूध के दाम बढ़ाने की प्रक्रिया अप्रैल में होती है. उन्होंने दावा किया कि संघ पंजीकृत संस्था है और फैट के आधार पर किसानों को सांची से अधिक भुगतान कर रहा है. मथुरावाला के अनुसार, जब सांची का फैट भाव करीब 8.50 रुपये है, ऐसे में किसानों द्वारा 12 रुपये प्रति फैट की मांग उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि इससे दूध की कीमत बढ़ेगी और इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं, विशेषकर मध्यम एवं गरीब वर्ग पर पड़ेगा. दोनों संगठनों के बीच दूध के भाव को लेकर बढ़ती यह कशमकश आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं और दूध कारोबार पर असर डाल सकती है.

Next Post

40 वर्षों से जारी है का पेड़ लगाने का संकल्प

Sun Aug 30 , 2026
इंदौर:जिम्मी और जनक मगिलिगन फाउंडेशन फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट ने पद्मश्री डॉ. जनक पलटा मगिलिगन का 41वां रक्षा-बंधन 50 पौधे लगाकर मनाया. जनक दीदी ने रक्षा-बंधन का पावन त्यौहार सनावदिया में अपने घर गिरिदर्शन के पीछे ‘दुतनी टेकरी’ पर अपने राखी भाई राजेंद्र ओचानी और पर्यावरण – प्रेमी भाई-बहनों के साथ […]

You May Like