आमला। ग्राम देवठान के स्कूल परिसर में हाल ही में बनी बाउंड्रीवाल में दरारें दिखाई देने का मामला सामने आया है। करीब तीन माह पूर्व प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत लगभग 10 लाख रुपये की लागत से इस बाउंड्रीवाल का निर्माण किया गया था। कम समय में ही दीवार में आई दरारों को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बाउंड्रीवाल के कई हिस्सों में दरारें स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं। वहीं, पास स्थित आंगनवाड़ी भवन की दीवारों में भी दरारें नजर आने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर आशंका व्यक्त की जा रही है। इस संबंध में संबंधित इंजीनियर अमित ने बताया कि निर्माण कार्य की मरम्मत कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण के दौरान भी सामग्री की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को अवगत कराया था। अब दीवार में आई दरारों के चलते उन्होंने शीघ्र सुधार की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते उचित कदम उठाए जाने से संभावित जोखिमों को टाला जा सकता है।
