मुंबई, 17 जून (वार्ता) यश राज फिल्म्स ने आलिया भट्ट और शर्वरी अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ऐल्फा’ का ट्रेलर जारी कर दिया है, जो दो खतरनाक और साहसी लड़कियों की रोमांचक ओरिजिन स्टोरी को एक जबरदस्त पॉपकॉर्न एंटरटेनर के रूप में पेश करता है।ट्रेलर में बॉबी देओल के किरदार की भी अधिक झलक दिखाई गई है, जो आलिया भट्ट के किरदार का निर्दयी मेंटर है। आलिया एक ऐसी असैसिन की भूमिका निभा रही हैं, जिसे बचपन से ही मारने के लिए तैयार किया गया है और जो आगे चलकर अपने ही मेंटर से आमने-सामने की लड़ाई लड़ती है। ट्रेलर में अनिल कपूर की भी झलक दिखाई गई है, जिनका संबंध रहस्यमयी ‘ऐल्फा प्रोग्राम’ से होने का संकेत दिया गया है। हाई-ऑक्टेन एक्शन, शानदार विजुअल्स और रोमांच से भरपूर सफर का वादा करने वाला ‘ऐल्फा ‘ खुद को एक सच्चे मनोरंजन पैकेज के रूप में स्थापित करता है, जो आलिया और शर्वरी के निडर ‘ऐल्फा एटीट्यूड’ का जश्न मनाता है।
फिल्म में शारवरी के किरदार को जानबूझकर रहस्य में रखा गया है क्योंकि उनकी भूमिका कहानी में बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि ट्रेलर यह संकेत देता है कि वह बॉबी देओल को किसी भी कीमत पर रोकने के मिशन में आलिया का साथ देती नजर आएंगी। ‘ऐल्फा ‘ के स्टाइलिश और कूल विजुअल्स को और भी प्रभावशाली बनाता है इसका दमदार बैकग्राउंड स्कोर। दुनिया के लोकप्रिय डीजे ह्यूगल के वैश्विक चार्टबस्टर ट्रैक ‘जमैकन बाम बाम’ को ट्रेलर में शामिल किया गया है, जो इसमें जबरदस्त ऊर्जा भरता है। यह उसी एड्रेनालिन रश का प्रतीक है जिसे ‘ऐल्फा ‘ सिनेमाघरों में दर्शकों को महसूस कराना चाहती है।
शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘ऐल्फा’ तीन जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में विशेष रूप से रिलीज होगी।

