
छतरपुर।बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में वे वहां हनुमंत कथा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में पश्चिम बंगाल जाने की उनकी योजना पर रोक लग गई, जिसके चलते आगामी कथा स्थगित कर दी गई है।
दरअसल, पंडित शास्त्री की कोलकाता में 10, 11 और 12 अक्टूबर को हनुमंत कथा होनी थी। लेकिन लगातार बारिश और प्रशासनिक कारणों के चलते कथा की परमिशन रद्द कर दी गई। किसी अन्य स्थान पर कथा के लिए भी अनुमति नहीं मिलने के कारण उन्होंने इसे स्थगित करने का निर्णय लिया।
शास्त्री ने रायपुर में मीडिया से बातचीत में कहा, अभी हमको पश्चिम बंगाल जाना था, तो दीदी ने मना कर दिया। परमिशन कैंसिल हो गई और दूसरी जगह अनुमति नहीं मिल रही। जहां थी वहां पानी भर गया। किसी ने पूछा अब क्या कहोगे, तो हमने कहा थैंक्यू बोल देना। इसका मतलब यह नहीं कि हम अपना कार्य छोड़ देंगे। दीदी जब तक हैं, तब तक नहीं जाएंगे। दादा जब आएंगे, तब जाएंगे। भगवान करे दीदी बनी रहें। हमें उनसे कोई दिक्कत नहीं, लेकिन बुद्धि ठीक रखें, धर्म के खिलाफ न जाएं।
