
इंदौर. खुड़ैल के नीलगिरी परिसर में रात के समय फ्लैट में घुसकर युवक को कंबल डालकर डराने और अलमारी का ताला तोड़कर जेवर ले जाने वाले पांचों आरोपियों को पुलिस ने 22 घंटे में पकड़ लिया. वारदात में दो बालिग और तीन बाल अपचारी शामिल हैं. खास बात यह सामने आई कि दो आरोपी उसी परिसर में रहते थे. पुलिस ने आरोपियों से करीब 750 ग्राम वजनी चांदी का ब्रेसलेट समेत सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं.
पवन पिता कैलाश चौबे उम्र 28 साल, मूल निवासी खरगोन और वर्तमान में नीलगिरी परिसर के फ्लैट नंबर 402 में रहता है. रविवार 27 सितंबर की रात पांच लोग उसके फ्लैट में जबरन घुसे. आरोपियों ने पवन के ऊपर कंबल डाल दिया और डराकर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया. इसके बाद उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए. पवन की शिकायत पर खुड़ैल पुलिस ने जांच शुरू की. वारदात के बाद पुलिस ने परिसर और आसपास के करीब 35 से 40 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची. जांच में नीलगिरी परिसर के ब्लॉक ए-1 में रहने वाले धनराज उर्फ मोटू पिता जीवा राठौर उम्र 19 साल और आकाश पिता प्रकाश दांगी उम्र 23 साल की भूमिका सामने आई. दोनों को गिरफ्तार किया, जबकि उनके साथ तीन बाल अपचारियों को भी पकड़ा. पुलिस ने आरोपियों से करीब 2.50 लाख रुपए कीमत का 750 ग्राम चांदी का ब्रेसलेट, आठ जोड़ चांदी की बिछुड़ियां, सोने की एक कान की झुमकी, सोने के मंगलसूत्र का पेंडल और एक चांदी का मंगलसूत्र बरामद किया है. इसके अलावा हिकविजन कंपनी का सफेद रंग का कैमरा भी जब्त किया है. मामले में पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण राजेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि नीलगिरी परिसर में हुई वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की. वारदात के करीब 22 घंटे में पांचों आरोपियों को पकड़ लिया गया और चोरी गए जेवर बरामद कर, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
