
इंदौर. अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला अस्पताल में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 106 वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई. शिविर में आंख, हड्डी रोग, मेडिसिन और फिजियोथेरेपी के साथ एनसीएच जांच, एक्स-रे, एमआरआई और लेबोरेटरी जांच की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई. जांच के बाद जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण भी किया.
मुख्य आयोजन में लोकसभा सांसद शंकर लालवानी ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का नि:शुल्क लाभ लेकर वरिष्ठ नागरिक अपने स्वास्थ्य को बेहतर रख सकते हैं. इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम ‘दीर्घायु का युग : लंबे जीवन के लिए व्यवस्थाओं का पुनर्विचार’ रखी गई है. जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी वृद्धजनों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए. कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी और सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे. इस दौरान सीएमएचओ डॉ. हासानी ने बताया कि वृद्धजनों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाओं की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई.
