मॉस्को, 08 फरवरी (वार्ता) रूस की संघीय सुरक्षा सेवा ने रविवार को बताया कि उसने एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी की हत्या की कोशिश के मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि संदिग्धों ने रूस की सैन्य खुफिया एजेंसी के उप-प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव को मारने की कोशिश की थी, जिन्हें शुक्रवार को उत्तर-पश्चिम मॉस्को में एक रिहायशी इमारत के अंदर कई गोलियां मारी गयी थीं।
बयान में कहा गया कि एक संदिग्ध को उसके साथी की मदद से संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में हिरासत में लिया गया और रूसी अधिकारियों को सौंप दिया गया। दूसरे को मॉस्को में हिरासत में लिया गया। एजेंसी ने बताया कि तीसरा संदिग्ध यूक्रेन भाग गया। सभी संदिग्ध रूसी नागरिक हैं।
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर एलेक्सेयेव को मॉस्को में उनके आवास पर कई गोलियां मारी गयी थीं, जिसके बाद उन्हें एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। बाद में अहम अंग में गोली लगने के घाव के लिए उनकी आपातकालीन सर्जरी की गयी। अधिकारियों ने बताया कि उनके ठीक होने की उम्मीद है।
एलेक्सेयेव रूस की जीआरयू सैन्य खुफिया एजेंसी के मुख्य निदेशालय में नंबर दो के अधिकारी हैं। फरवरी 2022 में यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्यवाही शुरू होने के बाद से मॉस्को में या उसके पास निशाना बनाये गये उच्च-रैंकिंग सैन्य अधिकारी हैं।
