चंडीगढ़, 28 जुलाई (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र सरकार पेपर लीक रोकने के लिए बनाए गए कानून को और सख्त करने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का विरोध करने के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं है।
कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने पंजाब में कथित फार्मेसी परीक्षा पेपर लीक का जिक्र करते हुए आप को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में “खर्ची-पर्ची” और पेपर लीक आम बात थी, जबकि भाजपा सरकार ने पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू की है।
श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में मिशन बुनियाद और मिशन-100 जैसी योजनाओं से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आईआईटी, आईआईएम और एनआईटी जैसे संस्थानों तक पहुंचने का अवसर मिला है। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए कर छूट और चार्जिंग स्टेशनों के विस्तार का भी उल्लेख किया। पंजाब दौरों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा के लोगों के बीच भाईचारे का रिश्ता है और वे वहां लोगों के निमंत्रण पर जाते हैं।
