
भोपाल। हबीबगंज इलाके में कथित पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लिया है. आपसी विवाद के चलते आरोपी पति ने पीट-पीटकर पत्नी की जान ले ली.
जानकारी के मुताबिक आरोपी रामप्रसाद उर्फ बबलू अहिरवार अपनी कथित पत्नी लता (45) के साथ कबाड़े का काम करता था. दोनों शांति नगर झुग्गीबस्ती में रहते थे और कई साल से दंपति की तरह साथ में रहते थे. करीब 15 दिन पहले लता अचानक से कहीं चली गई थी. वह मंगलवार के दिन राम प्रसाद के पास लौटी थी. दोनों के बीच इस दौरान देर रात को विवाद हो गया. आरोप है कि इस झगड़े के दौरान राम प्रसाद ने लता के साथ हाथापाई शुरू कर दी. उसने गुस्से में लता को इतना पीटा की उसकी मौत हो गई. आरोपी बिना घबराए बहुत देर तक लता के शव के पास बैठा भी रहा. पड़ोसियों ने इसकी सूचना हबीबगंज थाना पुलिस को दी. मौके पर पुहंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी राम प्रसाद को हिरासत लिया है. मामले की जांच पुलिस कर रही है.
