बेड कम पड़े, 100 बेड का नया अस्पताल बनाने की तैयारी

सीहोर। जिला अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते मौजूदा 300 बेड की क्षमता अब कम पडऩे लगी है. अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त धनराज एस अचानक जिला अस्पताल पहुंचे.

उन्होंने ट्रामा सेंटर और नवीन अस्पताल भवन का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने सीएमएचओ, सिविल सर्जन, चिकित्सकों और कर्मचारियों से चर्चा कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली.

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ओपीडी में मरीजों के पर्चे बनने की प्रक्रिया, आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन सहित अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा. उन्होंने अस्पताल में मरीजों को होने वाली परेशानियों और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली. इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके डेहरिया ने अस्पताल में उपलब्ध 300 बेड को मरीजों की संख्या के लिहाज से अपर्याप्त बताते हुए 100 अतिरिक्त बेड और नए भवन की आवश्यकता रखी. इस पर आयुक्त धनराजू एस ने अस्पताल परिसर में रखे अमेरिकन आईसीयू वार्ड को हटाकर उसके स्थान पर 100 बेड का नया अस्पताल बनाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नए अस्पताल भवन की आवश्यकता और प्रस्तावित सुविधाओं को शामिल करते हुए कार्ययोजना तैयार कर भेजी जाए.

आयुक्त ने अस्पताल परिसर में लंबे समय से उपयोग में नहीं आ रहे पुराने नर्सिंग हॉस्टल को डिस्मेंटल कर वहां पार्किंग एरिया विकसित करने के निर्देश दिए. इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को वाहन खड़े करने के लिए व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा. अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए एचएमआईएस स्थापित करने के निर्देश दिए. वहीं मरीजों और उनके परिजनों को आयुष्मान भारत योजना से जुड़ी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान कियोस्क बनाने को भी कहा. निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. यूके श्रीवास्तव, संजुलता भार्गव सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे.

 

 

Next Post

हंगामा व गुंडागर्दी के खिलाफ लामबंद हुए कर्मचारी

Sat Nov 28 , 2026
आष्टा। सिविल अस्पताल में हंगामा, अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. गुरुवार को प्रशांत गोल्डी नामक व्यक्ति और उसके साथ आए लोगों पर अस्पताल के मुख्य द्वार पर धरना देने,अभद्र व्यवहार करने से नाराज अस्पताल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संबंधित […]

You May Like