
देवास। शहर के विजय नगर क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें रिटायर्ड डीएसपी हिम्मत सिंह राणा (65) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। होली ट्रिनिटी स्कूल के पास स्थित उनके निजी आवास का आगे का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर राणा गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राणा रोज़ की तरह घर से बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक छज्जा टूटकर उनके ऊपर आ गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुँचे और तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने उन्हें मलबे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिम्मत सिंह राणा अपनी पत्नी के साथ इसी मकान में रह रहे थे। हादसे की खबर लगते ही जिला कलेक्टर ऋतुराज सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश जारी किए हैं तथा भवन की संरचना और गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुराने एवं जर्जर भवनों की तकनीकी जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
