
कुकडेश्वर। ग्राम अमेरी में शुक्रवार को एक भयंकर घटना ने ग्रामीणों के बीच दहशत फैला दी, जब एक खूंखार तेंदुआ घर में घुस गया और महिला पर झपट्टा मारकर उसे घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ काफी समय तक गांव में घूमता रहा, जिससे लोगों में डर बना रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकडऩे या जंगल की ओर खदेडऩे के प्रयास शुरू किए।
जानकारी के अनुसार गांव के पास ही गांधीसागर अभयारण्य स्थित है और संभावना जताई जा रही है कि तेंदुआ इसी क्षेत्र से भटककर गांव में आया होगा। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वन विभाग की टीम अभी भी गांव में निगरानी रखे हुए है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।
