हिमाचल, उत्तराखंड, दक्षिण भारत समेत छह राज्यों में अचानक बाढ़ का खतरा, चेतावनी जारी

नयी दिल्ली, 02 अगस्त (वार्ता) मौसम विभाग ने देश के पहाड़ी और तटीय राज्यों के कई संवेदनशील जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, लगातार और तेज बारिश होने की वजह से कई इलाकों में मिट्टी पूरी तरह पानी सोख चुकी है। ऐसी स्थिति में निचले इलाकों में सड़कों और जमीनों पर पानी भर सकता है और नदियों-नालों में अचानक उफान आने से बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। विभाग के रविवार को जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों के नदी-नालों वाले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है।

इसी तरह, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अनंतनाग, बांदीपोरा, बारामूला, डोडा, गांदरबल, कठुआ, किश्तवाड़, कुलगाम, पुंछ, पुलवामा, रामबन, श्रीनगर, उधमपुर, कारगिल और लेह जिलों के कई इलाकों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड राज्य के अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिलों में भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने और पानी भरने का जोखिम जताया गया है।
दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम को लेकर चिंता बनी हुई है। तटीय कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़, उडुपी और उत्तर कन्नड़ जिलों में भारी जलभराव की आशंका जतायी गयी है।

केरल और माहे के अलप्पुझा, एर्नाकुलम, कन्नूर, कासरगोड, कोल्लम, कोट्टायम, कोझिकोड, मलप्पुरम, पलक्कड़, पथानामथिट्टा, तिरुवनंतपुरम और वायनाड जिलों में भी अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के चिकमगलूर, हासन, कोडगु और शिवमोग्गा जिलों के अलग-अलग इलाकों में अगले 24 घंटों के भीतर अचानक बाढ़ आने की आशंका जतायी गयी है।मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने सभी प्रभावित राज्यों के प्रशासन और स्थानीय लोगों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा है। लोगों को सलाह दी गयी है कि वे मौसम से जुड़ी ताजा जानकारियों पर नजर रखें, सुरक्षित जगहों पर रहें और नदियों, पहाड़ी ढलानों और पानी भरने वाले इलाकों से दूरी बनाकर रखें।

.....

Next Post

कृषि उपज मंडी में व्यापारी-हम्माल संघ के विवाद से मचा हड़कंप, भारसाधक ने जारी किए नोटिस, आज से सुचारू रूप से जारी रहेगी नीलामी प्रक्रिया

Sun Aug 2 , 2026
दमोह। सागर नाका स्थित कृषि उपज मंडी में शनिवार को हम्माल संघ और व्यापारी संघ के बीच विवाद के चलते किसानों की तुलाई रुक गई थी। इससे आक्रोशित किसानों ने मंडी में तालाबंदी कर दी और चक्का जाम जैसे हालात बना दिए थे। बता दें कि हम्माल संघ और व्यापारी […]

You May Like