सतना:जिले के बरौंधा क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 17 बकरियों और दो भैंसों की मौत हो गई। चार अलग-अलग स्थानों पर हुई इस घटना से पशुपालकों को हुए आर्थिक नुकसान को देखते हुए प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 30 मिनट तक हुई तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान बरौंधा थाना क्षेत्र के पड़ो, वीरमपोखरी, गोडहा और साडा गांव में आकाशीय बिजली गिरी। पड़ो गांव में महुआ के पेड़ के नीचे खड़ी चार बकरियां बिजली की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वहीं वीरमपोखरी और गोडहा गांव में बिजली गिरने से एक बकरी और दो भैंसों की मौत हो गई। इसी कड़ी में साडा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 12 बकरियों की जान चली गई। इस तरह चारों घटनाओं में कुल 19 पशुओं की मौत हुई।
पटवारियों ने किया सर्वे
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। नायब तहसीलदार डॉ. सुदामा प्रसाद ने संबंधित पटवारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित पशुपालकों को आश्वस्त किया कि सर्वे पूरा होने के बाद शासन के नियमानुसार क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
