
नीमच। नीमच के हनुमंतिया व्यास में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी गाड़ी चोरी की रिपोर्ट लिखवाई और पुलिस जांच में उसका अपना ही 19 साल का बेटा चोर निकला। फरियादी जितेंद्र नागदा ने कुछ दिनों पहले थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर से ट्रैक्टर, कार और बाइक चोरी हो गई है। उन्होंने अपनी शिकायत में बेटे के दोस्तों पर शक जताया था। इस शिकायत पर थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान ने मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में बेटे ने बताई सच्चाई
पुलिस को जांच के दौरान जितेंद्र के बेटे दीपेश पर शक हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती बरतने पर दीपेश ने सच उगल दिया और माना कि चोरी की पूरी साजिश उसी ने रची थी।
दो दोस्तों के साथ मिलकर की चोरी
दीपेश ने पुलिस को बताया कि उसने बरखेड़ा सिंधिया के सतीश और दोबद के योगेश के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से चोरी का ट्रैक्टर और कार बरामद कर ली है।
23 फरवरी तक रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 23 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बेटे ने अपने ही घर में चोरी क्यों की और इसके पीछे असली वजह क्या थी।
