
इंदौर. लसूडिया थाना क्षेत्र में एबी रोड स्थित ढाबे के बाहर पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया. खाना पैक कराने रुके युवक से आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. युवक की महिला मित्र और रेपिडो चालक ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने चालक के साथ भी हाथापाई कर दी. आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से निकल गए.
सिंगापुर टाउनशिप निवासी दिलप्रीत पिता साहेब सिंह हुंदल जम्मू-कश्मीर ढाबे के सामने खाना पैक कराने रुका था. इसी दौरान पास की कॉलोनी में रहने वाला राजा भंडारी उर्फ सागर अपने साथी निखिल और कुछ अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचा. आरोपियों ने पुरानी बात को लेकर दिलप्रीत पर तंज कसते हुए उसके भाई सार्थक और सतीश को बुलाने की बात कही. दिलप्रीत ने विरोध किया तो राजा भंडारी उर्फ सागर गाली-गलौज करने लगा. बात बढ़ने पर आरोपियों ने दिलप्रीत के साथ थप्पड़ों से मारपीट शुरू कर दी. यह देखकर उसके साथ मौजूद महिला मित्र और रेपिडो चालक नितेश बीच-बचाव करने पहुंचे. आरोपियों ने नितेश के साथ भी मारपीट कर दी. विवाद के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा होने लगी. इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए. दिलप्रीत की शिकायत पर लसूडिया पुलिस ने राजा भंडारी उर्फ सागर और निखिल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
