
इंदौर: तिलकनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से नेटवर्क संचालन के लिए उपयोग होने वाला अहम तकनीकी उपकरण चोरी होने का मामला सामने आया है. पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि श्रीजी वैली में रहने वाले 46 वर्षीय बिजू मेथु ने बताया कि वह इन्डस टॉवर लिमिटेड में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें परिचारिका नगर स्थित मोबाइल टावर साइट बंद होने की सूचना मिली. उन्होंने इसकी जानकारी अपने एरिया मैनेजर और क्लस्टर मैनेजर को दी और उनके निर्देश पर साइट की जांच करने पहुंचे.
मौके पर पहुंचकर देखा तो वहां वीआईएल कंपनी का बीटीएस बेसबैंड कार्ड और उससे जुड़ी अन्य तकनीकी सामग्री गायब थी. चोरी हुए उपकरण का सीरियल नंबर सीडी 35296513 (बेसबैंड-5216) बताया गया है. बताया जा रहा है कि बीटीएस बेसबैंड ट्रांससर्वर स्टेशन बेसबैंड कार्ड मोबाइल टावर का महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण होता है, जो टावर से मोबाइल नेटवर्क सिग्नलों के प्रसारण और नियंत्रण का काम करता है. इसके जरिए मोबाइल कॉल और डेटा सिग्नल को प्रोसेस कर नेटवर्क से जोड़ा जाता है. पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के क्षेत्र में जांच और तकनीकी पड़ताल भी की जा रही है.
