हकीकत में जूझ रहे लोग, टेस्टिंग को जरूरी नहीं समझ रहे जिम्मेदार

जबलपुर: रमनगरा वाटर फिल्टर प्लांट की मेन राइजिंग लाइन का लीकेज रिपेयर तो कर दिया गया है लेकिन उसकी टेस्टिंग करने से जिम्मेदार विभाग के अधिकारी अभी कतरा रहे हैं और कह रहे हैं कि रमनगरा वाटर फिल्टर प्लांट की फूटी पाइपलाइन की टेस्टिंग करना अभी जरूरी नहीं है क्योंकि समानांतर लाइन से और पानी का प्रेशर बढ़ाकर पानी की पूरी सप्लाई की जा रही है। जबकि हकीकत में लोग अभी भी पानी का जुगाड़ लगाने इधर से उधर भटकते नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि 25 सितंबर को भी रमनगरा वाटर फिल्टर प्लांट की मेन राइजिंग लाइन फूट गई थी। जिसका सुधार कार्य 3 अक्टूबर को हुआ था, फिर रात 12.15 बजे ही दोबारा लाइन फूट गई। जिसका सुधार कार्य अभी भी जारी है। इसके पहले वर्ष 2025 में मार्च माह में पहली बार लाइन फूटी थी। मतलब अभी तक 1 साल में कुल 3 बार रमनगरा की मेन राइजिंग लाइन फूट चुकी है।
जल विभाग कर रहा हर इलाके में पानी पहुंचने का वादा
गौरतलब है कि रमनगरा वाटर फिल्टर प्लांट की मेन राइजिंग लाइन में अक्सर ही त्यौहार के दौरान ही लीकेज होता है, जिससे आधे से अधिक शहर की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि नगर निगम के जल विभाग द्वारा अभी ये दावा किया जा रहा है कि मेन लाइन की समानांतर लाइन से भी सभी टंकियां भरी जा रही हैं जैसे पुरानी लाइन से भरी जा रही थीं। नवभारत ने धरातल पर हकीकत जानी तो पता चला कि शहर के आधे इलाके में जहां पानी पहले 15 से 20 मिनिट आता था वो सिर्फ अब दो से चार मिनिट तक आ रहा है और कोतवाली, मोतीनाला, देवताल,सूपाताल क्षेत्र के रहवासी पानी के लिए परेशान होते दिख रहे हैं।
मेन लाइन से ये टंकियां भरीं जातीं हैं
जानकारी के अनुसार रमनगरा वाटर फिल्टर से बिड़ला धर्मशाला, मेडिकल कॉलेज, त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, कोतवाली, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टेरेसा, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, न्यू शोभापुर, राजीव नगर, कुगवां, करमेता, शिवनगर, अमखेरा, रवींद्र नगर, सुहागी, खैरी टंकियां भरी जाती हैं।
इनका कहना है
–रमनगरा वाटर फिल्टर प्लांट का लीकेज सुधार दिया गया है लेकिन अभी उसकी टेस्टिंग करने की जरूरत नहीं है। दीपावली बाद टेस्टिंग की जाएगी और फिर मेन लाइन से पानी की सप्लाई की जाएगी। अभी समानांतर लाइन से पानी का प्रेशर बढ़ाकर पूरे शहर में जलापूर्ति की जा रही है। अभी पानी की समस्या शहर के किसी इलाके में नहीं हैं।
-कमलेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री, जल विभाग।

Next Post

लुटेरों को सात-सात साल की सजा

Tue Oct 14 , 2025
जबलपुर: अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धनकुमार कुड़ोपा की अदालत ने लूट के आरोपी माढ़ोताल निवासी शुभम खटीक व पवन बर्मन को दोषी करार दिया है।अदालत ने दोनों आरोपियों को सात-सात साल की सजा व दो-दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।अभियोजन की ओर से अपर लोक अभियोजक राजकुमार गुप्ता ने पक्ष […]

You May Like