भोपाल: राजधानी भोपाल में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए आज से सुविधाओं में बड़ा इजाफा होने जा रहा है। अब यात्रियों को टिकट लेने और भुगतान करने की प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक आसान और तेज मिलेगी। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने शहर में ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया है, जिससे मेट्रो यात्रा पूरी तरह डिजिटल और कैशलेस दिशा में आगे बढ़ेगी।
इस नई व्यवस्था के तहत यात्री स्मार्ट कार्ड, क्यूआर कोड और मोबाइल वॉलेट के माध्यम से आसानी से टिकट बुक कर सकेंगे। खास बात यह है कि डिजिटल माध्यम से भुगतान करने वाले यात्रियों को टिकट बुकिंग और मोबाइल वॉलेट रिचार्ज पर आकर्षक छूट भी दी जाएगी, जिससे लोगों को नकद भुगतान की तुलना में अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, इस सिस्टम के लागू होने से टिकट काउंटर पर भीड़ कम होगी और यात्रियों का समय बचेगा। साथ ही, पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सुरक्षित होगी, जिससे यात्रा का अनुभव और बेहतर बनेगा।
भोपाल मेट्रो परियोजना को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। आने वाले समय में मेट्रो सेवाओं को और अधिक स्मार्ट और सुविधाजनक बनाने के लिए इसी तरह की नई तकनीकों को शामिल किया जाएगा।
