नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को रेल कनेक्टिविटी के जरिए नई मजबूती मिली है। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने हैदराबाद हाउस से अयोध्या कैंट और जनकपुरधाम के बीच चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन सेवा ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ का शुभारंभ किया।
इस रेल सेवा के शुरू होने से भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुरधाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्राओं में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के संबंधों को विश्वास और साझेदारी पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल में आपदा के बाद पुनर्निर्माण और विकास कार्यों में मदद के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कॉरपोरेशन पैकेज की घोषणा भी की।
नई ट्रेन सेवा से धार्मिक पर्यटन के साथ दोनों देशों के बीच व्यापार, आवागमन और सांस्कृतिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सरयू और कमला नदियों के नाम पर रखी गई यह ट्रेन सेवा भारत-नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को जोड़ने की नई पहल के रूप में देखी जा रही है।
