मंडला: लोक शिक्षण जबलपुर संभाग के संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी ने मंडला जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने NMMS परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परीक्षा के पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास पहुंचकर विद्यार्थियों के आवास, भोजन, स्वच्छता, पेयजल सहित अन्य सुविधाओं की स्थिति देखी और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने व्यावसायिक शिक्षा प्रयोगशाला का निरीक्षण कर उपलब्ध उपकरणों और संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। संयुक्त संचालक ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडला और शासकीय रानी अवंती बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का भी अवलोकन किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता में लगातार सुधार तथा सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
