
भोपाल, 14 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी 31 मई को देश भर में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती मना रही है, जिसके तहत पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई 21 से 31 मई तक प्रदेश भर में अभियान चलाएगी।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि 21 मई को देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार देवी अहिल्याबाई होल्कर की शासन व्यवस्था को कैसे आज देश और प्रदेश में स्थापित है, उसे लेकर भाजपा जन-जन तक पहुंचेगी। देवी अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व और उनके राज्य शासन की व्यवस्था, सुशासन, महिला सशक्तिकरण और 300 वर्ष पूर्व उन्होंने जो कार्य किए हैं, उन सभी विषयों को लेकर भाजपा 31 मई को उनकी जयंती देश भर के साथ मध्यप्रदेश में भी मनाएगी। इसको लेकर राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में कार्यशाला संपन्न हो चुकी है। आज भोपाल में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर के कृतित्व व व्यक्तित्व को भाजपा इन 10 दिनों में जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। भाजपा 21 मई से प्रदेश के सभी जिलों में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। विश्वविद्यालयों में होने वाले कार्यक्रमों में उनके समाज, महिला, संस्कृति, देश और धर्म को लेकर जो कार्य किए हैं, उन सभी विषयों पर चर्चा की जाएगी। उनके द्वारा महिला सशक्तिकरण को लेकर किए गए कार्यों को बताने निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के साथ भाजपा जिलों में कार्यक्रम आयोजित करेगी।
श्री शर्मा ने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ी हुई विरासत को नाट्य प्रस्तुतियांं, प्रदर्शिनियों व अन्य कार्यक्रमों के जरिए जनता तक पहुंचाया जाएगा। 31 मई को इंदौर में एक बड़े आयोजन के साथ इस अभियान का समापन संभावित है।
उन्होंने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में विधवा विवाह की प्रथा को शुरूआत की थी। उस समय होल्कर की सेना में लगे सैनिकों की विधवाओं को रोजगार के लिए महेश्वर साड़ी जैसे रोजगार की व्यवस्था की थी। आज भाजपा सरकारें उसी तरह महिलाओं के स्वरोजगार के लिए कई अभियान चला रही हैं।
