
खरगोन। अवैध हथियार निर्माण सहित खरीद फरोख्त मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। शनिवार को बलकवाड़ा थाना पुलिस ने पंजाब के दो बदमाशों को जिले में 4 देशी पिस्टल और 4 मैग्जिन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों से जब्तषुदा मश्रुका की कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार अवैध फायर आर्म्स पर पैनी निगाह रखने के साथ ही नेटवर्क को चिन्हित कर उसे ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के मुखबीर से मिली सूचना पर एबी रोड़ किनारे औंरगपुरा फाटे पर कहीं बाहर जाने की फिराक में खड़े दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पुलिस गिरफ्त में आए दोनों युवकों ने अपना नाम अब्दुल निवासी पिंड अलिके थाना सदर जिला फिरोजपुर (पंजाब) व गौतम निवासी वलुर थाना सदर जिला फिरोजपुर (पंजाब) का होना बताया। इनकी तलाषी लेने पर 4 देशी पिस्टल व 4 अतिरिक्त मैग्जिन मिली। दोनों को गिरफ्तार कर इनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों की पुलिस रिमांड लेकर खरीद फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस के अनुसार अब्दुल पर फिरोजपुर सदर पंजाब एवं फिरोजपुर सिटी पंजाब थाने पर अपराधिक मामले दर्ज है।
