अहमदाबाद, 17 मई (वार्ता) ऑटोमोटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी बेलराइज इंडस्ट्रीज लिमिटेड का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बुधवार, 21 मई को खुलेगा।
कंपनी की ओर से शनिवार को यहां जारी बयान में कहा है कि बेलराइज इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपने पहले इनिशियल पब्लिक ऑफर के लिए पांच रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर के लिए 85 से 90 रुपये का प्राइस बैंड निर्धारित किया है। कंपनी का इनिशियल पब्लिक ऑफर बुधवार को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और शुक्रवार, 23 मई को बंद होगा। निवेशक न्यूनतम 166 इक्विटी शेयरों और उसके बाद 166 इक्विटी शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं।
यह आईपीओ पूरी तरह से 2,150 करोड़ रुपए तक का फ्रेश इश्यू है, जिसमें ऑफर फॉर सेल कंपोनेंट नहीं है। नए इश्यू से प्राप्त 1,618.13 करोड़ रुपए की राशि का उपयोग कंपनी द्वारा लिए गए कुछ उधारों के पूर्ण या आंशिक पुनर्भुगतान/पूर्व भुगतान तथा सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
बेलराइज इंडस्ट्रीज लिमिटेड टू, थ्री, और फोर व्हीलर कॉमर्शियल वाहनों और कृषि वाहनों के लिए सुरक्षा संबंधी सिस्टम रिलेटेड और अन्य इंजीनियरिंग सॉल्यूशन प्रोवाइड करता है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में मेटल चेसिस सिस्टम, पॉलीमर कंपोनेंट, सस्पेंशन सिस्टम, बॉडी-इन- व्हाइट कंपोनेंट और एग्जॉस्ट सिस्टम शामिल हैं। यह इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रिक और इंटरनल कंबशन इंजन वाली गाड़ियों-दोनों को कैटर कर सकता है। कंपनी के ऑटोमोटिव प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में चेसिस सिस्टम, एग्जॉस्ट सिस्टम, बॉडी-इन-व्हाइट पार्ट्स, पॉलीमर कंपोनेंट, बैटरी कंटेनर, सस्पेंशन और स्टीयरिंग कॉलम में 1,000 से अधिक अलग-अलग उत्पाद शामिल हैं।
बजाज ऑटो लिमिटेड, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड, जगुआर लैंड रोवर लिमिटेड और रॉयल एनफील्ड मोटर्स लिमिटेड जैसे प्रमुख कंपनियां बेलराइज के कस्टमर्स हैं। 31 दिसंबर, 2024 तक, कंपनी अपने प्रोडक्ट को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मार्केट करती है, जिसका ऑपरेशन ऑस्ट्रिया, स्लोवाकिया, यूनाइटेड किंगडम, जापान और थाईलैंड सहित कई प्रमुख वैश्विक बाजारों तक फैला हुआ है।

