अवैध कालोनियों के निर्माण पर सख्ती से लगाएं रोक: कलेक्टर

सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के ने टीएल बैठक में सभी विभागों के समय-सीमा वाले प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए.

कलेक्टर बालागुरू के ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने या निर्माण कार्य करने की गतिविधि पाई जाए तो तत्काल रोक लगाई जाए और संबंधितों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए. अवैध कॉलोनियों से आमजन को मूलभूत सुविधाओं का अभाव होता है और भविष्य में अनेक समस्याएं उत्पन्न होती हैं. इसलिए राजस्व अमला सतर्क रहते हुए नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दें. उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अवैध निर्माण या कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ नियम अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में सुव्यवस्थित और नियमानुसार विकास को बढ़ावा मिल सके.

बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्वाचन कार्य की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देशित किया कि वे मतदाता सूची का बारीकी से निरीक्षण कर लें. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए नाम, पता, उम्र, फोटो सहित सभी प्रविष्टियों का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि त्रुटिरहित एवं शुद्ध मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है, इसलिए प्रकाशन से पहले हर प्रविष्टि का सूक्ष्म सत्यापन आवश्यक है. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ यह कार्य करते हुए त्रृटि रहित मतदाता सूची का प्रकाशन सुनिश्चित करें. बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, रविन्द्र परमार, एसडीएम तन्मय वर्मा, श्रीमती स्वाति मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर जमील खान सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे.

कलेक्टर बालागुरू के ने भावान्तर भुगतान योजना के अंतर्गत सोयाबीन खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मंडियों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि मंडी में सोयाबीन की आवक पर निरंतर नजर रखी जाए, ताकि कोई अपात्र किसान या व्यापारी अपनी सोयाबीन की बिक्री न कर सके. सोयाबीन खरीदी की मॉनिटरिंग के साथ-साथ व्यापारियों के स्टॉक की जांच भी सुनिश्चित की जाए, जिससे अनियमितताओं की कोई संभावना न रहे. उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारी खरीदी के बाद तुरंत माल का उठाव करें.

 

 

Next Post

मारूति वैन से अवैध हथियार बरामद

Tue Dec 9 , 2025
सागर। सागर जिला मुख्यालय पर सिविल लाइन पुलिस ने दो पिस्टल, चार जिंदा राउंड, दो चाकू एवं वाहन जप्त किए गए है।थाना प्रभारी सिविल लाइन जिला सागर को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि गिरधारीपुरम तिराहा, आरटीओ रोड, ग्राम पथरिया जाट के पास एक सफेद रंग की कार में अवैध […]

You May Like