भोपाल: नवरात्रि के दौरान व्रत के फलाहार में पारंपरिक व्यंजनों के साथ नए विकल्प भी लोगों को पसंद आ रहे हैं। बाजार में साबूदाने की खिचड़ी की सबसे ज्यादा मांग है, वहीं इंदौरी पेटीज, फरियाली कॉम्बो और फरियाली थाली जैसे नए विकल्प भी ग्राहकों को लुभा रहे हैं। इसके अलावा फरियाली मिठाइयों, आलू और केले के चिप्स के साथ पैक्ड फलाहार की भी बिक्री हो रही है।
फलाहार के साथ फलों की खरीदारी में भी ग्राहकों की पसंद बदल रही है। फलों की बढ़ती कीमतों के बीच लोग महंगे सेब के बजाय केले और पपीते जैसे अपेक्षाकृत सस्ते विकल्पों को प्राथमिकता दे रहे हैं। बाजार में केले 50 से 60 रुपए दर्जन और सेब 160 से 200 रुपए किलो तक बिक रहे हैं।
वहीं, नवरात्रि के दौरान नारियल पानी की मांग भी बढ़ जाती है। विक्रेताओं के मुताबिक, इस सीजन में एक दिन में 60 से 100 तक नारियल पानी की बिक्री हो जाती है। मांग बढ़ने के साथ इसकी कीमतों में भी इजाफा देखने को मिलता है। कुल मिलाकर, नवरात्रि में फलाहार के बाजार में नए स्वाद और विकल्पों की मांग के साथ ग्राहक महंगाई को ध्यान में रखकर खरीदारी कर रहे हैं।
