
पन्ना, पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्रान्तर्गत बहुचर्चित बघवारकलां हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे पति-पत्नी को गुजरात के सूरत शहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में आरोपी रामप्रताप सोनी और उसकी पत्नी अर्चना सोनी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, अर्चना सोनी ने अपने पूर्व पति रामप्रताप के साथ मिलकर इस जघन्य हत्याकांड की साजिश रची थी। घटना जुलाई 2025 की है, जब अर्चना अपने दूसरे पति नन्नू सोनी के साथ रह रही थी और बच्चों की बात को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता था। विवाद के चलते 10 जुलाई 2025 की रात दोनों आरोपियों ने मिलकर लकड़ी की मुगरिया से नन्नू सोनी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे। पन्ना पुलिस टीम ने पिछले 12 महीनों तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दी। आरोपी अपनी पहचान, वेशभूषा और ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहे थे, लेकिन साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने अंततः उन्हें कपोदरा (सूरत) से धर दबोचा। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रैपुरा उपनिरीक्षक स्मिता सिंह बघेल, उनकी टीम और साइबर सेल पन्ना की सराहनीय भूमिका रही।
