
देवास। शहर में गुरुवार दोपहर डी मार्ट के सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया। क्रेटा कार और टीवीएस लूना की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान सुनीता (45) पति राजेश, उनका बेटा वंश (18) और आशीष कुमार (30) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय वे लोग सड़क किनारे खड़े थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही कार ने अनियंत्रित होकर लूना को टक्कर मार दी। हादसे में सुनीता को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एम.वाय. अस्पताल, इंदौर रेफर किया गया है। वहीं आशीष कुमार के पैर में चोट आई है, जबकि वंश को भी हल्की चोटें लगी हैं। प्रत्यक्षदर्शी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि वे लोग डी मार्ट की ओर जा रहे थे और जैसे ही सड़क किनारे रुके, तभी अचानक गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
