रीवा:भाजपा नेता गौरव तिवारी ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात करते हुए पत्र लिखकर अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा को केंद्रीय विश्वविद्यालय और रीवा इंजीनियरिंग कॉलेज को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में अपग्रेड करने की मांग की है.उन्होंने पत्र में विंध्य क्षेत्र के शैक्षणिक विकास और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह अनुरोध किया है.
गौरव तिवारी ने पत्र में लिखा कि रीवा, जो अतीत में विंध्य प्रदेश की राजधानी रहा है, उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार है और यहां उत्तर प्रदेश और बिहार से बड़ी संख्या में छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं. एपीएसयू विंध्य क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है, जो 65 से अधिक संबद्ध कॉलेजों के माध्यम से हजारों छात्रों को विभिन्न पाठ्यक्रमों में शिक्षा प्रदान करता है.
हालांकि केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने से इस क्षेत्र के छात्रों को और बेहतर शिक्षा के अवसर मिलेंगे. उन्होंने रीवा इंजीनियरिंग कॉलेज को एनआईटी में अपग्रेड करने की भी आवश्यकता बताई. गौरव तिवारी ने कहा कि आरईसी दशकों से तकनीकी शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है, लेकिन एनआईटी का दर्जा न मिलने से छात्रों को उच्च स्तरीय शोध और अवसरों से वंचित रहना पड़ रहा है. एनआईटी बनने से कॉलेज में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और शोध के अवसर मिलेंगे.
