
मंडला: पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल सेमरखापा में आयोजित बैग-लेस डे पर विद्यार्थियों ने गणित को खेल-खेल में सीखने का एक अनूठा आनंद लिया। खुद करके सीखो की पद्धति पर आधारित इस रंगीन कार्यक्रम ने बच्चों को गणित के सिद्धांतों को व्यावहारिक और मजेदार तरीके से समझने का अवसर प्रदान किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गणित के विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित आकर्षक मॉडल्स और चार्ट्स का प्रदर्शन किया। उन्होंने कोणों के प्रकार और त्रिकोणमिति सारणी जैसे विषयों को भी सृजनात्मक रूप से प्रस्तुत कर सीखने की प्रक्रिया को जीवंत बना दिया।
बच्चों ने आपस में चर्चा की, विचार साझा किए और रचनात्मकता, तार्किक सोच और आत्मविश्वास के साथ सभी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और सीखने की खुशी से सराबोर रहा।
प्राचार्य ने बताया सीखने का महत्व :
यह प्रेरक आयोजन प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा के दिशा-निर्देशन, गणित शिक्षक सनातन प्रकाश सैनी के मार्गदर्शन एवं पवन नामदेव शिक्षक के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा ने इस अवसर पर कहा कि सीखना तभी सार्थक है जब अनुभव और आनंद दोनों साथ हों। ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सहयोग भावना और विषय के प्रति रुचि को बढ़ाती हैं। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उत्साह, सृजनात्मकता और सक्रिय सहभागिता की खुले दिल से सराहना की।
