इंदौर:शहर में बढ़ते ड्रग्स कारोबार पर अब पुलिस ने निर्णायक वार शुरू कर दिया है. बार बार पकड़े जा रहे तस्करों के खिलाफ पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे उन्हें सीधे जेल भेजा जा सके. इस कानून के तहत छह माह तक जमानत नहीं मिलती, जिससे तस्करों में हड़कंप की स्थिति है.
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच और सभी थानों को ऐसे तस्करों की पहचान कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जो दो या उससे अधिक बार पकड़े जा चुके हैं.
थाना स्तर पर चल रही इस कवायद में अब तक करीब एक दर्जन तस्कर चिन्हित किए जा चुके हैं. इनमें एक महिला तस्कर भी शामिल है, जो कई मामलों में पकड़ी जा चुकी है. पिछले एक महीने में ही पुलिस रेहान पांडा निवासी खजराना समेत आधा दर्जन तस्करों पर पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर चुकी है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सीधे भोपाल जेल भेजा है, जहां उन्हें छह महीने तक जमानत नहीं मिलती.
इस सख्ती के बाद शहर में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क पर असर पड़ने लगा है. इसके साथ ही पुलिस अब उन तस्करों पर भी शिकंजा कस रही है, जिन्होंने ड्रग्स के धंधे से करोड़ों की संपत्ति बनाई है. डीसीपी राजेश त्रिपाठी का कहना है कि क्राइम ब्रांच ऐसे चार आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में प्रस्ताव पेश कर चुकी है, ताकि उनकी अवैध संपत्ति को कुर्क किया जा सके. आने वाले दिनों में और बड़े नाम इस कार्रवाई की जद में आ सकते हैं.
