
वोट न्याय आंदोलन में किया शक्ति प्रदर्शन
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी आप कितना भी मीडिया का मैनेजमेंट कर लीजिए कांग्रेस तो आपके पापों को उजागर करती रहेगी। तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के द्वारा करीब 6 साल पहले ओबीसी का आरक्षण इस वर्ग के लोगों को दिया गया था लेकिन अब ओबीसी आरक्षण के कानून को भाजपा सरकार रोकने में लगी है। प्रदेश में ओबीसी के आरक्षण होने की मांग को लेकर कांग्रेस लड़ाई लड़ेगी। ये सारी बातें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घंटाघर चौक पर मंगलवार को कहीं। मौका था कांग्रेस के वोट न्याय आंदोलन के तहत निकाली गई भव्य रैली का।
इस दौरान श्री पटवारी ने ये भी कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है, बहनों के साथ सबसे ज्यादा बलात्कार प्रदेश में हो रहे हैं, मप्र में सबसे ज्यादा शराब की खपत है, कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है, क्राइम सबसे ज्यादा हो रहे हैं लेकिन इन सभी मुद्दों को सुधारने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उनके दो साल के कार्यकाल के दौरान अभी तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। इसके साथ ही महिलाओं के सबसे ज्यादा शराब पीने की बात पर जीतू ने कहा कि उन्होंने कोई गलत बात नहीं की है।
आने वाला वक्त बताएगा कांग्रेस क्या है: पूर्व मंत्री घनघोरिया
वोट न्याय आंदोलन के दौरान पूर्व मंत्री व विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि अब तो वोट चोरी उजागर हो गई है। पुलिस से सवाल किया कि ऐसे लोगों पर अब कौन सी धारा लगाओगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा दिए गए बयान कि कांग्रेस अमावस्या हेा गई है और भाजपा पूर्णमासी.. इस पर भी विधायक लखन ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ये तो आने वाला समय ही बताएगा कि कांग्रेस क्या है।
कांग्रेसियों लगाए कुछ इस तरह नारे…
वोट चोर गद्दी छोड़, गली गली में शोर है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चोर है, जब जब मोदी डरता है, पुलिस को आगे करता है, के नारों के साथ बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेसियों ने घंटाघर पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस का समर्थन समाजवादी पार्टी ने भी किया, जिसका नतीजा था कि वोट न्याय आंदोलन में समाजवादी पार्टी के झंडे लेकर कई कार्यकर्ता नजर आए।
गोलबाजार से शुरू हुई यात्रा
जानकारी के अनुसार गोलबाजार से कांग्रेस की वोट चोरी के खिलाफ वोट न्याय यात्रा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में शुरू हुई। बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेसी पैदल यात्रा करते हुए घंटाघर चौक पहुंचे। कांग्रेस की वोट न्याय यात्रा का समाजवादी पार्टी ने समर्थन किया। इस दौरान पूर्व मंत्री, विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व विधायक विनय सक्सेना, पूर्व कांग्रेस नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव ने पैदल यात्रा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ मिलकर कदम से कदम मिलाए। आयोजन में गांव, तहसील,जनपद से और कांग्रेस की तमाम विंग्स के पदाधिकारी- कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। घंटाघर चौक पर पुलिस की बैरिकेडिंग रही। इस दौरान कांग्रेसी कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया और फिर जीतू पटवारी के नेतृत्व में ज्ञापन अधिकारी को सौंपकर विरोध जताया गया। वोट न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि वोट चोरी को मुद्दा बनाकर भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की निष्पक्षता के खिलाफ जब तक न्याय नहीं मिल जाता तब तक आंदोलन करते रहेंगे। इसके साथ ही कांग्रेसियों ने आरोप लगाए हैं कि भाजपा ने वोट चोरी कर अपनी सरकार देश में बनाई है। पार्टी का साथ भारत निर्वाचन आयोग ने भी दिया है। इसलिए देश को जगाने, चुनाव आयोग को झकझोरने और सरकार की मनमानी पर अंकुश लगाने यह विरोध प्रदर्शन मप्र कांग्रेस कमेटी के द्वारा तय किया गया है।
जगह-जगह स्वागत मंच से पटवारी का हुआ अभिनंदन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी काफिले के रूप में शहर में प्रवेश हुए। सबसे पहले अंधमूक बाईवास में कांग्रेसियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया । इसके बाद उनका काफिला धनवंतरी नगर, त्रिपुरी चौक, मदनमहल चौक, छोटी लाइन फाटक, मालवीय चौक होते हुए गोलबाजार शहीद स्मारक गोलबाजार पहुंचा। इस बीच रास्ते में जगह-जगह स्वागत मंच लगाकर कांग्रेसियों द्वारा जीतू पटवारी का भव्य स्वागत किया गया। शहर में तय रूट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बैनर, पोस्टर बड़ी तादाद में नजर आए।
वोट चोरी के खिलाफ सरकार से ढृढता से लड़ेगी कांग्रेस
कांग्रेसियों का कहना था कि राहुल गांधी के आंदोलन को ताकत देने निकल रही यह यात्रा जनता के जनादेश की रक्षा और भाजपा सरकार द्वारा कथित रूप से किए गए जनादेश के अपमान के खिलाफ आयोजित की गई है। जनता के वोट की चोरी कर बनाई गई इस सरकार से लड़ाई कांग्रेस दृढ़ता से लड़ेगी। रीवा से शुरू हुई यह यात्रा सिर्फ कांग्रेस का आंदोलन नहीं है बल्कि यह लोकतंत्र को बचाने और जनता के अधिकारों की रक्षा का आंदोलन है। भाजपा ने लोकतंत्र का अपमान किया है।
