जयपुर, 05 दिसंबर (वार्ता) लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के निशानेबाज सरताज तिवाना ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान 2025 में 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर अपना खिताब बरकरार रखा। पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स के अंतिम वर्ष के छात्र सरताज के लिए यह प्रतियोगिता सिर्फ एक और टूर्नामेंट नहीं थी। सीनियर नेशनल निशानेबाजी चैंपियनशिप करीब आने के साथ, खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 शायद उनकी फॉर्म और लय वापस पाने का अंतिम बड़ा मौका था। 23 वर्षीय निशानेबाज ने यही किया और पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में स्वर्ण और एलपीयू के लिए टीम गोल्ड जीता।
मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद सरताज ने साई मीडिया से कहा, “आज का परिणाम वही है जिसकी मैंने लंबे समय से कल्पना की थी। मैं मानसिक और भावनात्मक रूप से बहुत बदलावों से गुजर रहा था। नेशनल चैंपियनशिप से पहले यह जीत काफी हौसला बढ़ाने वाली है। यह खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में मेरी चौथी उपस्थिति थी और मैं हमेशा पोडियम पर रहा हूं। मैं वह क्रम टूटने नहीं देना चाहता था।” खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 सरताज की तैयारियों की एक बड़ी परीक्षा थी और वे उसमें शानदार तरीके से सफल रहे। उन्होंने कहा, “मैं ऐसा इंसान हूं जो परिणाम चाहे कुछ भी हो, मेहनत करना नहीं छोड़ता। हर किसी के जीवन में कठिन चरण आते हैं और मैं भी एक ऐसे ही दौर से गुजुरा हूं। लेकिन अब स्थिति बेहतर है और मुझे उम्मीद है कि मैं भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करूंगा।”

