
इंदौर. तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में सगाई समारोह में शुरू हुआ विवाद एक युवक की हत्या में बदल गया. कार्यक्रम में कहासुनी के बाद आरोपियों ने युवक को बायपास पर घेरकर बेरहमी से हमला किया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि मृतक की पहचान शुभम पुत्र संगतनाथ निवासी महादेव नगर (नार्थ मोहल्ला) के रूप में हुई है. बुधवार रात वह अपने परिवार के साथ उमरीखेड़ा में सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गया था. इसी दौरान खाने पीने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद करने वाले लोग आपस में रिश्तेदार हैं. घटना के बाद शुभम अपने साथियों के साथ वहां से निकल गया, लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे बायपास पर घेर लिया. आरोप है कि हमलावरों ने डंडों और पेचकस से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल अवस्था में परिजन शुभम को चोइथराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में शुभम के दोस्त रितिक, करण और एक अन्य युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि शुभम आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से था. वह दुकानों पर नींबू मिर्ची बांधने का काम करता था. परिवार में बड़ा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ है, पिता गोदाम में मजदूरी करते हैं, जबकि मां भी मजदूरी कर परिवार चला रही है.
