खुटार चौराहे पर जाम के खिलाफ दुकानदारों और ऑटो चालकों को नियम पालन के सख्त निर्देश

सिंगरौली : जिले के खुटार चौराहे पर लगातार लग रहे जाम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। आम जनता को रोजाना हो रही परेशानी को देखते हुए चौकी प्रभारी शीतला यादव ने खुटार चौकी के स्टाफ के साथ पैदल मार्च कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर ही जरूरी निर्देश जारी किए।पैदल मार्च के दौरान चौकी प्रभारी ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे अपनी दुकानों के सामने बाइक या अन्य वाहन खड़े न कराएं।

सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग के कारण रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे जाम की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने कहा कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही ऑटो चालकों को भी कड़ी हिदायत दी गई कि वे चौराहे या सड़क के बीच वाहन खड़ा कर सवारी न भरें। सभी ऑटो चालकों को निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़ा करने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश देते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। गौरतलब है कि खुटार चौराहे पर विशेष रूप से शाम के समय भारी जाम लग जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में व्यवस्था सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Next Post

नवागत डीसीपी आयुष गुप्ता ने संभाला जोन-3 का कार्यभार

Thu May 7 , 2026
भोपाल: नवागत पुलिस उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता ने गुरुवार को जोन-03 कार्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई व्यवस्था को प्राथमिकता देने के संकेत दिए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों […]

You May Like

मनोरंजन