भोपाल। बावड़िया कला क्षेत्र में बाग मुगालिया एक्सटेंशन स्थित श्मशान घाट के सामने ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में झुग्गी बसाने का विरोध तेज हो गया है। पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय रहवासियों ने पेड़ कटेंगे हम कटेंगे के नारे लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हाईटेंशन लाइन के नीचे और पेड़ों के बीच 35 परिवारों को बसाने की तैयारी की जा रही है, जिससे हरियाली नष्ट होगी और खुले क्षेत्र पर कब्जा हो जाएगा। यह स्थान श्मशान घाट आने वाले लोगों की पार्किंग के लिए भी उपयोग में आता है। रहवासियों का कहना है कि दीपक नगर झुग्गी बस्ती के कई परिवार 32 वर्षों से रह रहे हैं और उनके पास पट्टे भी हैं, इसलिए उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिए जाएं। पर्यावरण प्रेमियों ने मामले को एनजीटी और हाई कोर्ट तक ले जाने की चेतावनी दी है।
