भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश भर में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान तेज करते हुए पिछले दस दिनों में 29 अवैध हथियार, कारतूस तथा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध हथियारों के संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से की जा रही है।
छतरपुर जिले में कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण एवं सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो अवैध हथियार निर्माण इकाइयों का भंडाफोड़ कर एक देशी बंदूक, सात देशी कट्टे, एक अधबनी पिस्टल, एक अधबना कट्टा, जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद किए। इसके अलावा हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें, उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
टीकमगढ़ जिले में विशेष अभियान के तहत पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 17 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह देशी कट्टे, आठ जिंदा कारतूस और 11 धारदार हथियार जब्त किए।
ग्वालियर पुलिस ने भी अलग-अलग अभियानों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे छह बदमाशों को पकड़कर तीन देशी कट्टे, पांच जिंदा राउंड और दो चाकू बरामद किए। वहीं क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का वीडियो वायरल करने वाले एक विधि-विरुद्ध बालक को भी हिरासत में लिया।
इसके अलावा मुरैना, गुना, शिवपुरी और सतना जिलों में भी अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि प्रदेश में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
