उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर को महाशिवरात्रि पर्व के दौरान लड्डू प्रसाद के विक्रय से लगभग दो करोड़ रुपये तथा शीघ्र दर्शन टिकट से 62 लाख 50 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई।श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक आशीष फगवारिया द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि शिव नवरात्रि के पावन अवसर पर 6 से 16 फरवरी तक श्रद्धालुओं के लिए रागी एवं बेसन के लड्डू प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। इस अवधि में मंदिर समिति द्वारा 1 करोड़ 95 हजार रुपये लागत के कुल 410.6 क्विंटल लड्डुओं का विक्रय किया गया।
उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान सुव्यवस्थित कतार प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था तथा डिजिटल टिकटिंग प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराए गए। दस दिन चले महाशिवरात्रि पर्व 2026 के अवसर पर विशेष शीघ्र दर्शन व्यवस्था लागू की गई थी।इस व्यवस्था के अंतर्गत महाशिवरात्रि के दो दिनों में कुल 25 हजार श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शन का लाभ लिया। 15 फरवरी को 20 हजार 700 श्रद्धालुओं द्वारा शीघ्र दर्शन टिकट प्राप्त किए गए, जिससे मंदिर समिति को 51 लाख 75 हजार रुपये की आय हुई। वहीं 16 फरवरी को 4 हजार 300 टिकटों के माध्यम से 10 लाख 75 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई। इस प्रकार दो दिनों में कुल 62 लाख 50 हजार रुपये की आय शीघ्र दर्शन टिकट से प्राप्त हुई।
