खजुराहो एयरपोर्ट पर यात्रियों को 25 से अधिक आधुनिक सुविधाएं, सीएसआई सर्वे में देश में पहला स्थान

खजुराहो। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने खजुराहो हवाई अड्डे को यात्री सुविधाओं के मामले में और अधिक आधुनिक बनाया है। यात्रियों की सुविधा और बेहतर यात्रा अनुभव के लिए एयरपोर्ट पर 25 से अधिक नई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन प्रयासों का परिणाम यह रहा कि एयरपोर्ट ने कस्टमर सैटिस्फैक्शन इंडेक्स (सीएसआई) सर्वेक्षण में देशभर के हवाई अड्डों में पहला स्थान हासिल किया है।

एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह ने बताया कि यात्रियों के लिए किड्स ज़ोन, फ्लाई लाइब्रेरी, नि:शुल्क वाई-फाई, चाइल्ड केयर एवं बेबी फीडिंग रूम, ईवी चार्जिंग स्टेशन, स्वचालित पार्किंग, प्रीपेड टैक्सी सेवा, स्नैक बार, रिटेल शॉप, पर्यटक सहायता केंद्र, “मे आई हेल्प यू” काउंटर, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, आधुनिक शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और वीआईपी लाउंज जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि 1 जनवरी से 30 जून 2026 के बीच करीब 40 हजार यात्रियों ने खजुराहो एयरपोर्ट का उपयोग किया। यात्रियों से मिले सकारात्मक फीडबैक के आधार पर एयरपोर्ट को सीएसआई सर्वेक्षण में सर्वोच्च रैंक मिली है। उनके अनुसार यह उपलब्धि बेहतर स्वच्छता, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का परिणाम है।

यात्री संख्या के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में 15,701, वर्ष 2023 में 50,300, वर्ष 2024 में 49,715 और वर्ष 2025 में 51,543 यात्रियों ने खजुराहो एयरपोर्ट से यात्रा की। वहीं वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में ही लगभग 40 हजार यात्री यहां से सफर कर चुके हैं, जिससे इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है।

संतोष सिंह ने बताया कि पिछले दो महीनों से नियमित उड़ानें एयरलाइन कंपनियों की परिचालन और व्यावसायिक रणनीति के कारण अस्थायी रूप से प्रभावित हैं। विमान उपलब्धता, नेटवर्क पुनर्गठन, क्रू प्रबंधन और स्लॉट आवंटन जैसी वजहों से उड़ानों का संचालन रुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सितंबर से नियमित उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू हो जाएंगी।

उन्होंने बताया कि खजुराहो एयरपोर्ट 2,286 मीटर लंबे रनवे, दो एयरोब्रिज, 10 विमान पार्किंग स्टैंड, कैट-1 इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस), डीवीओआर/डीएमई नेविगेशन प्रणाली, आधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम तथा प्रतिवर्ष 15 लाख यात्रियों की क्षमता वाले टर्मिनल भवन जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। भविष्य में यहां रडार सर्विलांस प्रणाली स्थापित करने की भी योजना है।

एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि सितंबर से नियमित उड़ानें शुरू होने के बाद बेहतर आधारभूत संरचना और आधुनिक सुविधाओं का लाभ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को मिलेगा। इससे यूनेस्को विश्व धरोहर नगरी खजुराहो में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Next Post

सरकार-किसान मोर्चा वार्ता बेनतीजा,कल सीएम हाउस महाघेराव की तैयारी; पॉलिटेक्निक चौराहे पर कड़ी पुलिस सुरक्षा

Tue Jul 28 , 2026
भोपाल। संयुक्त किसान मोर्चा और राज्य सरकार के बीच मंगलवार को हुई वार्ता किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, कृषि सचिव और मुख्यमंत्री के ओएसडी के साथ किसानों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक में विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई, लेकिन लिखित आश्वासन या निर्णय नहीं […]

You May Like