
सुठालिया। थाना क्षेत्र के ग्राम खनोटा में सुबह सरकारी भूमि से खेत पर जाने के रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हो गया। लाठियों और फरसों से हुई इस मारपीट में कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को भोपाल रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी प्रवीण जाट ने बताया कि पहली शिकायत हरी सिंह (60) की ओर से दर्ज की गई। उनकी रिपोर्ट के अनुसार आरोपी करण सिंह और उनके समर्थकों ने रामचंद्र सोंधिया (45), बने सिंह सोंधिया (60) और जगन्नाथ सोंधिया (55) पर लाठियों-फरसों से हमला किया। इन घायलों को गंभीर चोटों के कारण उपचार हेतु भोपाल भेजा गया।
दूसरी ओर, आरोपी रामबाबू (28) ने भी शिकायत दर्ज कराई। उनके अनुसार रामचंद्र, दिलीप, जगन्नाथ और अन्य ने राम निवास, मंजू बाई, बापू लाल, नारायण सिंह और गीता बाई पर हमला किया। इस हमले में भी कई लोग घायल हुए और कुछ को भोपाल रेफर किया गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ जानलेवा हमले और मारपीट के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
